भोपाल में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने काफिले में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) शामिल कर दिया है। इसके साथ ही वे देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक कार का उपयोग शुरू किया है।
मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल की गई महिंद्रा XEV 9e इलेक्ट्रिक कार एक बार चार्ज करने पर लगभग 500 किलोमीटर तक चलने में सक्षम बताई जा रही है। इस कार में 360 डिग्री कैमरा सहित कई आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
इस इलेक्ट्रिक कार का नंबर MP-02-VB-2047 रखा गया है, जिसमें “VB” को विकसित भारत और “2047” को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन से जोड़ा जा रहा है। यह नंबर अब चर्चा का विषय बन गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में प्राकृतिक संतुलन को मजबूत करने के लिए गिद्ध और मगरमच्छों को भी छोड़ा है।
सीएम डॉ. यादव पहले भी कई बार सादगी का उदाहरण पेश कर चुके हैं। उन्होंने अपने दौरों में टेम्पो ट्रैवलर और टूरिस्ट बस से सफर किया है। अब काफिले में गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी गई है, जिससे मितव्ययता और पर्यावरण संरक्षण दोनों को बढ़ावा मिल रहा है।