दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक रेस्टोरेंट-कम-होटल में रविवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में विदेशी नागरिकों सहित कई लोगों की मौत की सूचना है। वहीं करीब 16 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने शटर काटकर और बेसमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कई लोग गंभीर हालत में पाए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत का चैनल गेट बंद होने के कारण लोग बाहर नहीं निकल सके और धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया। कई लोगों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से नीचे छलांग भी लगाई, जिसमें आसपास मौजूद लोगों ने गद्दे बिछाकर मदद की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजकर 40 मिनट पर इमारत से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा इंतजामों की कमी और आपातकालीन निकास व्यवस्था को लेकर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।