विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शाजापुर में जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माय भारत संगठन नई दिल्ली और मेरा युवा भारत शाजापुर के निर्देशन में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से शुरू हुआ।
रैली को शाजापुर कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लगभग 50 से 100 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवाओं को दैनिक जीवन में साइकिल अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित साइकिल चलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्राचार्य, एनसीसी कैडेट्स सहित कई गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे।