मिशन शक्ति अभियान काे एक कदम और आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर थाने में एक सीक्रेट रूम बनवाने के निर्देश दिए। पूरी तरह पारदर्शी ये रूम सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस होंगे।
इसमें पीड़ित महिला, महिला पुलिस कर्मी से बिना संकोच अपनी बात कह सकेंगी। यही नहीं महिला हेल्प डेस्क या सीक्रेट रूम में दिखने वाली किसी जगह पर वह सारे नंबर ( 1090, 181, 112, 1076, 1098, और 102) लिखें रहेंगे जिन पर कोई महिला जरूरत पर मदद के लिए कॉल कर सके। नंबरों के साथ इनका दुरुपयोग करने वालों के लिए चेतावनी भी अनिवार्य रूप से अंकित की जाएगी।
इसी क्रम में मेरठ जिले के थानों में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। मेरठ जिले में शुक्रवार को महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया।
थाना कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क के शुभारंभ पर सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की शुरूआत की जा रही है।
इसी क्रम में देहली गेट में भी महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। इस डेस्क के माध्यम से महिला से संबंधित मामलों को सुना जाएगा और उनकी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। उनके सम्मान के लिए कार्य किये जा रहे हैं। सुरक्षा को लेकर जागरूक किया जा रहा है।