शिवपुरी। जिले में शराब दुकानों के विरोध में महिलाओं के प्रदर्शन का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अमोला थाना क्षेत्र के अमोलपठा गांव में शराब दुकान बंद कराने पहुंची महिलाओं और पुलिस-आबकारी विभाग की टीम के बीच विवाद हो गया। स्थिति बिगड़ने पर महिलाओं द्वारा लाठियां लेकर पुलिस और आबकारी कर्मचारियों की ओर बढ़ने की बात सामने आई है। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, अमोलपठा गांव में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम पहले से शराब दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान बंद कराने की मांग को लेकर वहां पहुंचीं। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने के बाद महिलाओं ने लाठियां उठा लीं और पुलिस तथा आबकारी कर्मचारियों की ओर बढ़ीं। स्थिति को देखते हुए टीम को मौके से पीछे हटना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने गांव में मोर्चा संभाल लिया।
शिवपुरी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से शराब दुकानों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घटनाएं सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार पिछोर, बामौरकला, मनपुरा, भौंती, थरखेड़ा और अमोला सहित कई स्थानों पर महिलाओं ने शराब दुकानों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कुछ जगह शराब की पेटियों को बाहर निकालकर सड़क पर फेंकने और आग लगाने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जबकि कुछ स्थानों पर दुकानों में तोड़फोड़ की गई। थरखेड़ा गांव में भी देर रात महिलाओं ने शराब दुकान के बाहर प्रदर्शन किया और अंदर रखी शराब की पेटियां बाहर निकाल दीं।

लगातार हो रही घटनाओं के बीच शराब ठेकेदारों ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी चिंता जाहिर की है। ठेकेदारों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए शराब दुकानों के लाइसेंस सरेंडर करने की बात कही है। ठेकेदारों का आरोप है कि नया अमोला, थरखेड़ा, अमोल, मायापुर और खोड़ की शासकीय शराब दुकानों पर पिछले तीन दिनों में तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं हुई हैं। उनका कहना है कि दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पाने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शराब दुकानों के विरोध में लगातार सामने आ रहे प्रदर्शनों ने प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ा दी है। अमोलपठा की घटना के बाद पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। वहीं, शराब ठेकेदारों की शिकायत और लाइसेंस सरेंडर करने की मांग के बाद मामला और गंभीर हो गया है।