उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में एक महिला ने अपने पति के लिए मांगी गई मन्नत पूरी होने पर मां काली को अपनी जीभ काटकर चढ़ा दी। अंधविश्वास की यह घटना शहर कोतवाली इलाके के दुर्गा पुरवा की है। जहां वारदात के बाद मंदिर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। महिला ने बताया कि पति काम नहीं कर रहे थे और गलत रास्ते पर जा रहे थे। साथ ही घर में कई तरह की दिक्कतें भी थीं। इसके बाद दो महीने पहले उन्होंने मां काली से मन्नत मांगी थी कि अगर पति सही रास्ते पर आ जाए और घर की दिक्कतें दूर हो जाती हैं तो वह अपनी जुबान माता के चरणों में अर्पित कर देंगी।
महिला का कहना है कि उनकी दोनों ही मन्नत पूरी हो गई। जिसके बाद नवरात्र के चौथे दिन उन्होंने अपनी जीभ काटकर मां को चढ़ा दी। दुर्गा पुरवा की रहने वालीं साक्षी शर्मा ने अपने दोनों मन्नत पूरी हो जाने पर माता काली के चरणों में अपनी जुबान चढ़ा दी। इतना ही नहीं, जुबान काटने के बाद कटी हुई जीभ एक प्लेट में रख दी। इस बात की सूचना जब इलाके के लोगों को हुई तो लोगों का भारी हुजूम मंदिर में उमड़ पड़ा।
कुछ महिलाएं तो भक्ति भाव में विभोर होकर पूजा अर्चना करने लगीं। वहीं कुछ लोग साक्षी को देवी का रूप मानकर पूजा करने लगे। सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह का कहना है कि दुर्गा पुरवा में एक माता काली का मंदिर है जो बंद रहता है। सुबह-शाम मंदिर के पुजारी द्वारा साफ सफाई कर पूजा-अर्चना की जाती है। शाम को मंदिर के पुजारी पूजा कर रहे थे। तभी एक महिला पहुंची और मन्नत को लेकर अपनी जीभ देवी को अर्पित करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही प्रभारी पहुंचे और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।