कोरोना पॉजिटिव उमाभारती बाबरी विध्वंस मामले की सुनवाई में क्यों होना चाहती है उपस्तिथ
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती कुछ दिनों से पहाड़ के प्रवास पर थीं। इस बीच रविवार को उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पहले तो उन्होंने खुद को हरिद्वार में आइसोलेट किया था, लेकिन बाद में उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भी वो 30 सितंबर को बाबरी विध्वंस मामले की सुनवाई के दौरान सीबीआई कोर्ट में पेश होना चाहती हैं।
बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में लखनऊ स्थित सीबीआई कोर्ट को फैसला सुनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 30 सितंबर तक की डेडलाइन दी है। इस केस में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती समेत कई नेता आरोपी हैं। अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने के बाद ही केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
सीबीआई ने केस को लेकर कई अहम सबूत पेश किए थे। जिस पर अभी फैसला नहीं आया है। सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले सीबीआई कोर्ट को 31 अगस्त की डेडलाइन दी थी। बाद में कोरोना और लॉकडाउन को देखते हुए डेडलाइन को एक महीने बढ़ा दिया गया।
मैं अभी-अभी एम्स ऋषिकेश में भर्ती हो गई हूं। इसके तीन कारण है- (1) @drharshvardhan जी बहुत चिंता कर रहे हैं,
(2) मेरे को रात में बुखार बढ़ गया,
(3) मेरी एम्स में जांच-पड़ताल होने के बाद यदि मुझे सकारात्मक रिपोर्ट मिली तो मैं परसों लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में पेश होना चाहती हूं।— Uma Bharti (@umasribharti) September 28, 2020
उमा भारती ने सोमवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं अभी-अभी एम्स ऋषिकेश में भर्ती हो गई हूं। इसके तीन कारण हैं। पहला कारण ये है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मेरे स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है।
दूसरा ये कि उन्हें काफी तेज बुखार हो गया था। उन्होंने आगे लिखा कि तीसरा कारण ये है कि अगर एम्स में जांच-पड़ताल होने के बाद मुझे सकारात्मक रिपोर्ट मिली तो मैं परसों 30 सितंबर लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में पेश होना चाहती हूं।