महाराष्ट्र विधान परिषद की छह सीटों के लिए होने वाला चुनाव राज्य की सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी सरकार के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और विपक्षी दल भाजपा के लिए सम्मान की लड़ाई बन गया है।इन सीटों के लिए कल चुनाव प्रचार खत्म हो गया था, वहीं आज मतदान किया जाएगा।
तीन स्नातक सीटों, दो शिक्षक और एक स्थानीय निकाय निर्वाचन सीट के लिए मंगलवार को मतदान होगा। कोरोना के बीच हाल ही में अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरी कर चुकी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार चुनाव जीतने के लिए पूरे जोर-शोर से जुटी हुई है, जिसमें शिवसेना, कांग्रेस एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है।
इसके अलावा दो अन्य पुणे और अमरावती शिक्षक सीटें हैं। ये ऐसे निर्वाचन क्षेत्र हैं, जिनमें केवल शिक्षक और स्नातक मतदान के योग्य हैं। यह सत्तारूढ़ महा विकास अघाडी और विपक्षी बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला है। बीजेपी सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
वहीं इन पांच सीटों में शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी और कांग्रेस दो-दो सीटों पर और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना एक सीट पर चुनावी मैदान में हैं। वहीं, दूसरी तरफ विपक्षी दल भाजपा की तरफ से देवेंद्र फडणवीस, चंद्रकांत पाटिल और प्रवीण दारेकर जैसे वरिष्ठ नेता इन सीटों पर अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस तीन सीटों पर मैदान में है जबकि शिवसेना एक और एनसीपी के दो उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। विपक्ष कोरोना वायरस महामारी से निपटने, लॉकडाउन के कारण प्रभावित आर्थिक हालात और भारी बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की वजह से परेशानी उठा रहे किसानों के मुद्दों पर एमवीए सरकार को घेर रहा है।
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में द्विवार्षिक चुनाव के लिए प्रचार कल शाम समाप्त हो गया। इन सीटों के लिए मतदान आज एक दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे के बीच होगा। वहीं आप को बता दे कि मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
इस दौरान जहां चुनाव होना है, उनमें से तीन औरंगाबाद, पुणे और नागपुर डिवीजन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हैं। वहीं इन सीटों पर इस साल जुलाई में चुनाव होने वाले थे। हालांकि कोरोना वायरस महामारी के कारण चुनाव को स्थगित करना पड़ा था।
इसके अलावा छठी सीट धुले-नंदुरबार स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र का मतदान भी एक दिसंबर को होगा। यहां मुकाबला बीजेपी के अमरीश पटेल और कांग्रेस के अभिजीत पाटिल के बीच है।
पुणे संभाग स्नातक सीट, नागपुर संभाग स्नातक सीट, औरंगाबाद संभाग स्नातक सीट, अमरावती संभाग शिक्षक सीट, पुणे संभाग शिक्षक सीट और धुले-नंदूरबार स्थानीय निकाय निर्वाचन सीट के लिए मंगलवार को मतदान होगा।
इनमें से धुले-नंदूरबार सीट इसके निवर्तमान विधान परिषद सदस्य अंबरीश पटेल के कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के चलते रिक्त हुई है जबकि अन्य पांच सीटों के सदस्यों का कार्यकाल 19 जुलाई को पूरा हो चुका है।