1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. विनोद तावड़े का गोरखपुर दौरा, 62 विधानसभा सीटों की संगठनात्मक स्थिति पर लिया फीडबैक

विनोद तावड़े का गोरखपुर दौरा, 62 विधानसभा सीटों की संगठनात्मक स्थिति पर लिया फीडबैक

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े गोरखपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 62 विधानसभा सीटों की संगठनात्मक स्थिति का फीडबैक लिया। इस दौरान आगामी चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर के संगठन और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई।

By: Nivedita 
Updated:
विनोद तावड़े का गोरखपुर दौरा, 62 विधानसभा सीटों की संगठनात्मक स्थिति पर लिया फीडबैक

गोरखपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े गुरुवार शाम गोरखपुर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं।

गोरखपुर पहुंचने पर हुआ स्वागत

गोरखपुर पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विनोद तावड़े का स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मुलाकात की। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी तावड़े से मुलाकात कर संगठन और क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

संकल्प सेवा अभियान में हुए शामिल

गोरखपुर पहुंचने के बाद विनोद तावड़े सहजनवा क्षेत्र के हरपुर स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने ‘संकल्प सेवा अभियान’ के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद वह सहजनवा स्थित अटल आवासीय विद्यालय पहुंचे। यहां विद्यार्थियों के साथ दीप प्रज्वलित करने के साथ उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया।

62 विधानसभा सीटों का लिया फीडबैक

विनोद तावड़े के दौरे में संगठनात्मक बैठकों को खास महत्व दिया गया। गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल की कुल 62 विधानसभा सीटों की स्थिति को लेकर पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से जानकारी ली गई। क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठन से जुड़े नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में संगठन की सक्रियता, स्थानीय स्तर की स्थिति और आगामी चुनाव को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई।

 

आजमगढ़ और बस्ती मंडल पर भी चर्चा

बैठकों के दौरान आजमगढ़ और बस्ती मंडल की विधानसभा सीटों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों से इन क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, स्थानीय स्तर पर सामने आने वाले मुद्दों और चुनावी तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया गया। वहीं गोरखपुर मंडल में संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

मीडिया और सोशल मीडिया टीम से भी संवाद

क्षेत्रीय भाजपा कार्यालय में मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हुई। इसमें क्षेत्रीय एवं जिला स्तर के मीडिया प्रभारियों और सोशल मीडिया पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पार्टी की गतिविधियों और सरकार से जुड़े कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

सांसदों और विधायकों के साथ बैठक

विनोद तावड़े ने सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ भी बैठक की। इसके अलावा पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व महापौर तथा पूर्व नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों से भी अलग-अलग संवाद किया गया। बैठकों में पार्टी नेताओं को जमीनी स्तर की जानकारी साझा करने का अवसर दिया गया। संगठन की गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने से जुड़े विषयों पर मंथन हुआ। विनोद तावड़े के गोरखपुर दौरे को संगठन की तैयारियों और विधानसभा स्तर पर फीडबैक जुटाने की प्रक्रिया के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके साथ उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल भी मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...