आगामी 6 और 7 दिसंबर को वाराणसी में विहंगम योग संत समाज का शताब्दी समारोह आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के तहत 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण होगा।
डीएम ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
समारोह की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने रविवार को स्वर्वेद मंदिर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त डॉ. एस. चन्नप्पा, उपायुक्त वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा, और एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी भी मौजूद थे।
गुरुकुल के नवविस्तार का उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 दिसंबर को संत प्रवर विज्ञान देव महाराज के निर्देशन में संचालित सद्गुरु सदाफल देव आप्त वैदिक गुरुकुलम के नवविस्तार का उद्घाटन करेंगे। इसमें 300 विद्यार्थियों के लिए निशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध है। यह गुरुकुल वैदिक और आध्यात्मिक शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक, खेलकूद, और मलखंभ जैसी विविध गतिविधियों की शिक्षा प्रदान करता है।
वाराणसी पुनर्वास सेवाओं में बना श्रेष्ठ जिला
इस वर्ष वाराणसी को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने में सर्वश्रेष्ठ जिला चुना गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 दिसंबर को जिलाधिकारी एस. राजलिंगम को सम्मानित करेंगे।
इसके अलावा, नई सुबह संस्था (वाराणसी) को गैर-व्यावसायिक श्रेणी में, जन विकास समिति (वाराणसी) को सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान के लिए, और महिला श्रेणी में रीतू पटेल (वाराणसी) को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
दिव्यांगों के लिए विशेष आयोजन
वाराणसी ने प्रदेश का पहला ऐसा जिला बनने का गौरव प्राप्त किया है, जिसने दिव्यांगों के लिए टी-20 मैच का आयोजन किया। सरकार की ओर से विश्व दिव्यांग दिवस पर लोकभवन सभागार में राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट दिव्यांग व्यक्तियों, दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों, और दिव्यांग खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे।