1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. सीवान रेलवे स्टेशन पर माइक्रोवेव टावर पर चढ़ी महिला, अग्निशमन टीम ने सुरक्षित नीचे उतारा

सीवान रेलवे स्टेशन पर माइक्रोवेव टावर पर चढ़ी महिला, अग्निशमन टीम ने सुरक्षित नीचे उतारा

सीवान रेलवे स्टेशन पर एक महिला माइक्रोवेव टावर पर चढ़ गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। RPF और अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रयास कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। बाद में नगर थाना पुलिस उसे आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई। घटना से रेल परिचालन प्रभावित होने की सूचना नहीं है।

By: Nivedita 
Updated:
सीवान रेलवे स्टेशन पर माइक्रोवेव टावर पर चढ़ी महिला, अग्निशमन टीम ने सुरक्षित नीचे उतारा

सीवान । बिहार के सीवान रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित SSE/टेली कार्यालय के माइक्रोवेव टावर पर एक महिला के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मौके पर पहुंचकर बचाव की कार्रवाई शुरू की। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत और समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

दोपहर में हुई घटना, मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे की है। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने के बाद RPF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इसके साथ ही नगर थाना, अग्निशमन विभाग और आपातकालीन सेवा 112 को भी सूचित किया गया। करीब 3:30 बजे अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बचाव दल ने महिला को नीचे आने के लिए समझाया। काफी प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

गाजीपुर की रहने वाली बताई जा रही महिला

रेलवे सुरक्षा बल की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की निवासी अंजू राजभर, उम्र करीब 29 वर्ष, के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने सीवान जिले के एक युवक के साथ व्यक्तिगत संबंधों और आपसी अनबन का जिक्र किया है। हालांकि, महिला के टावर पर चढ़ने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की पूरी जानकारी जांच और आगे की पूछताछ के बाद ही सामने आ सकेगी।

 

 

नगर थाना पुलिस को सौंपी गई आगे की कार्रवाई

महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद शाम करीब 5 बजे सीवान नगर थाना की पुलिस टीम उसे आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई। संबंधित अधिकारी मामले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं।

रेल परिचालन पर नहीं पड़ा असर

इस घटना के दौरान राहत की बात यह रही कि महिला को सुरक्षित बचा लिया गया। रेलवे सुरक्षा बल की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के कारण रेल परिचालन पर किसी प्रतिकूल प्रभाव की सूचना नहीं मिली है।

 

रिपोर्ट – गगन पाण्डेय

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...