1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. श्रावस्ती में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, ग्रामीणों ने काटा हंगामा

श्रावस्ती में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, ग्रामीणों ने काटा हंगामा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
श्रावस्ती में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, ग्रामीणों ने काटा हंगामा

श्रावस्ती जिले के गिलौला थाने में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत हो गई। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। मौके पर एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया गया। परिजनों ने पुलिस के खिलाफ तहरीर दी है।

गिलौला थाने के ग्राम मोहम्मदापुर निवासी ननके पुत्र मोहम्मद उमर पर एक किशोरी के पिता ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसकी जांच पुलिस कर रही थी। पुलिस ने ननके को 27 अगस्त को घर से उठाया था और अब तक थाने में ही बैठाए रखा। शुक्रवार सुबह ननके के पिता मोहम्मद उमर खाना लेकर थाने पहुंचे तो काफी देर तक उसे पुलिस कर्मियों ने बरगलाया। कभी शौचालय में होने और कभी बाहर जाने का बहाना बनाते रहे।

इसकी जानकारी परिवार के अन्य लोगों को हुई तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गिलौला बाजार में जाम लगा कर थाने का घेराव कर दिया। लोगों के दबाव में पुलिस ने बताया कि रात में ननके की तबियत खराब हो गई थी। इलाज के लिए बहराइच भेजा गया था। जहां उसकी मौत हो गई।

थाने के घेराव की सूचना पाकर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ एसपी अनूप सिंह पहुंच गए। इसके साथ ही श्रावस्ती विधायक रामफेरन पाण्डेय भी मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने में लग गए। इस पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पीड़ित पिता ने गिलौला पुलिस पर हत्या करने की तहरीर एसपी को दी है। अभी भी भारी संख्या में भीड़ गिलौला में मौजूद है।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...