1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कोरोना लॉकडाउन से बिगड़ी अर्थव्यवस्था अब पटरी पर, राजस्व में दर्ज की गई 600 करोड़ की वृद्धि- सीएम योगी

कोरोना लॉकडाउन से बिगड़ी अर्थव्यवस्था अब पटरी पर, राजस्व में दर्ज की गई 600 करोड़ की वृद्धि- सीएम योगी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कोरोना लॉकडाउन से बिगड़ी अर्थव्यवस्था अब पटरी पर, राजस्व में दर्ज की गई 600 करोड़ की वृद्धि- सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण लगाए गए लॉकडाउन के चलते बिगड़ी अर्थव्यवस्था अब पटरी पर आ गई है। सीएम योगी ने बताया कि पिछले साल अगस्त के मुकाबले इस साल के राजस्व में लगभग 600 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन अब पूरी तरह हटा लिया गया है और सभी आर्थिक गतिविधियां पूरी तरह चालू हो चुकी हैं। कोविड-19 के मद्देनजर केन्द्र सरकार ने जिन गतिविधियों पर रोक लगाई गई है, उन्हें छोड़कर शेष सभी प्रकार की औद्योगिक और व्यवसायिक गतिविधियों को प्रदेश में संचालित किया जाए।

निवेश मित्र पोर्टल के प्रभावी एवं कुशल संचालन पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेषज्ञों की तैनाती पर विचार किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योग बंधु को अपग्रेड व सुदृढ़ करते हुए नई संस्था इन्वेस्ट यूपी के गठन का निर्णय लिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्य को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए आगामी एक से सवा साल के दौरान प्रदेश में डेढ़ लाख करोड़ रुपए तक के निवेश को आकर्षित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 98.5 प्रतिशत औद्योगिक/व्यावसायिक इकाइयों के पूरी क्षमता से कार्यशील रहने पर संतोष व्यक्त करते हुए क्रियाशील शेष इकाइयों को भी उनकी पूरी क्षमता से चलाए जाने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने बुनकरों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए समुचित प्रयास किए जाने के निर्देश भी दिए।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...