उत्तर प्रदेश में बदायूं के कोतवाली दातागंज क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने 14 माह के पुत्र की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा है। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि दातागंज कस्बे के विद्युत उपकेंद्र के निकट रहने वाले सरताज का निकाह दो साल पहले फातिमा के साथ हुआ था। उसका एक बेटा उमेद 14 माह का है। उन्होंने कहा कि परिवार में आए दिन विवाद होता था।
फातिमा के पिता अबरार और भाई नफीस ने पुलिस को बताया कि दहेज की मांग को लेकर सरताज और उसके परिजन अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे। रविवार दोपहर भी सरताज ने उसके साथ मारपीट की और दहेज में कार लेकर आने को कहा था। ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग होकर फातिमा ने रविवार की रात यह आत्मघाती कदम उठाया।
पहले उसने अपने बेटे को रस्सी के फंदे से लटका दिया फिर कुंडे पर फंदा लगाकर खुद भी आत्महत्या कर ली। परिवार वालों को जब इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने सरताज को हिरासत में ले लिया है।