चाची के निधन पर परिवारों को लेकर दिल्ली से गांव जा रहे तीन भतीजों की हादसे में मौत हो गई। इनके परिवार के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बांदा के मटौन्ध तिराहे पर हुआ।
बिसंडा के मझिवा गांव निवासी तीन भाई नारायण, रवि और लक्ष्मी अपने परिवारों के साथ दिल्ली में रहते थे और वहीं निजी कंपनियों में काम करते थे। चाची रैमुन देवी के निधन की सूचना मिलने पर सोमवार को तीनों अपने परिवारों को लेकर एक जीप से गांव जा रहे थे।
मटौन्ध थाने से 500 मीटर दूर तिराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने इनकी जीप में टक्कर मार दी, टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों भाई दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह कुचल गए और मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। परिवार के बाकी लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए, इनमें दो की हालत नाजुक है जिनको इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। एएसपी महेन्द्र चौहान ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चाची के साथ होगा भतीजों का अंतिम संस्कार
तीन भाइयों की एक साथ मौत की खबर पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। चाची रैमुन देवी के अंतिम संस्कार की तैयारी रोक दी गई और तीनों भइयों के शव पहुंचने का इंतजार होने लगा। परिवार के लोगों के कहा कि अब चारो का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाएगा।