सगड़ी तहसील के देवारा खास राजा में घाघरा नदी में कटान ने विकराल रूप ले लिया है । सैकड़ो एकड कृषि योग्य भूमि नदी की कटान में बह गयी है। करीब चार दिन पूर्व देवारा खास राजा के जूनियर हाईस्कूल की बाउंड्री को बीस मीटर तक कट कर नदी में विलीन हो गई। तो बुधवार को तेजी के साथ हो रही कटान के कारण पूरा विद्यालय ही जमीदोज हो गया । विद्यालय का अधिकांश हिस्सा नदी में बह गया है। आने वाले कुछ दिनों में इस विद्यालय का पूरा अस्तित्व ही घाघरा नदी समाप्त करने पर तुली है । वहीं क्षेत्र के बगहवा, साधु का पुरा,झगरहवा,बासु का पुरा, आदि तटवर्ती गांव के पास घाघरा नदी खेती योग्य जमीन के साथ-साथ आबादी की जमीन काट रही है। बगहा गांव में करीब एक दर्जन मकान घाघरा नदी के कटान के मुहाने पर आ गए हैं।