1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ऑडियो में छिपा है कैब चालक की हत्या का राज, पुलिस ने किया मॉब लिंचिंग से इनकार

ऑडियो में छिपा है कैब चालक की हत्या का राज, पुलिस ने किया मॉब लिंचिंग से इनकार

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
ऑडियो में छिपा है कैब चालक की हत्या का राज, पुलिस ने किया मॉब लिंचिंग से इनकार

दादरी में नेशनल हाईवे पर कैब चालक की हत्या के मामले में उनके बेटे ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के बेटे ने हत्या को मॉब लिंचिंग बता पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। कुछ अंदेशा होने पर कैब चालक ने हत्या से पहले अपने बेटे को कॉल की थी। 41 मिनट की यह ऑडियो कॉल परिजनों ने सोशल मीडिया पर वायरल की है।

वीडियो में परिजन दावा कर रहे हैं कि आरोपियों ने उनके पिता पर शराब पीने और नारा लगाने का दबाव बनाया जिसका विरोध करने पर पीटकर हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने मॉब लिंचिंग की घटना से साफ इनकार किया।

दिल्ली त्रिलोकपुरी के रहने वाले कैब चालक आफताब की रविवार की रात बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हत्या कर दी गई थी। वह गुरुग्राम से सवारी लेकर बुलंदशहर गए थे। वापस लौटते समय बुलंदशहर से तीन युवक उनकी कैब में सवार हुए थे। इन तीनों आरोपियों ने रास्ते में कैब चालक की हत्या की और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गए।

आफताब के बेटे ने बताया कि घटना से पहले उनके पिता ने घर पर कॉल की थी। इसके कुछ देर बाद ही फोन चालू रहा और उसके पिता ने बोलना बंद कर दिया। 41 मिनट तक फोन चालू रहा और उसके बाद बंद हो गया। उसने यह कॉल रिकॉर्ड कर ली थी। आरोप है कि ऑडियो में आरोपी उनके पिता पर शराब पीने और जय श्री राम का नारा लगाने का दबाव बना रहे थे। उसने ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर घटना को मॉब लिंचिंग बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

आरोपियों को गिरफ्तार कर जल्द खुलासा करने का दावा

इस मामले में डीसीपी सेंट्रल हरीश चंद्र ने बताया कि जो ऑडियो वायरल हो रहा है उसमें किसी चने बेचने वाले से बात कर रहे हैं। कैब चालक पर उन्होंने कोई नारा लगाने का दबाव नहीं बनाया। यह मॉब लिंचिंग की घटना नहीं है। आरोपियों ने कैब चालक से झगड़ा होने पर हत्या की है। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...