आरपीएफ बस्ती टीम ने सिद्धार्थनगर जिले के इटवा कस्बा स्थित सार्वजनिक पार्क से तीन टिकट दलालों को दबोचा है। सभी अच्छे नेटवर्क की तलाश में पार्क में बैठकर लैपटॉप से टिकट बनाते थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 12 सितम्बर से चलने वाली स्पेशल ट्रेन के 33 तत्काल टिकट, तीन लैपटॉप सहित कई अन्य सामान बरामद हुआ। मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया। इंटर पास सभी आरोपी तीन साल से इस धंधे में लिप्त थे।
12 सितम्बर से संचालित होने वाली दर्जनों स्पेशल ट्रेन के तत्काल कोटे के टिकट की कालाबाजारी की सूचना पर सक्रिय आरपीएफ बस्ती पोस्ट के प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने इटवा कस्बा स्थित सार्वजनिक पार्क से तीन संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में तीनों ने नाम-पता बब्लू खान निवासी इटवा बक्सी, साबिर खान निवासी डॉक्टर मुस्तफा गली वार्ड नं 305 इटवा और भरत सिंह निवासी इटवा बाजार बढ़नी रोड थाना इटवा जिला सिद्धार्थनगर बताया। तीनों ने बताया कि पूरे कस्बे में सबसे अच्छी इंटरनेट की कनेक्टविटी इसी सार्वजनिक पार्क मिलती है। इसलिए आसपास के दलाल इसी पार्क में आकर टिकट बनाते हैं।
तलाशी के दौरान तीनों के पास से 63,328 रुपये कीमत का 33 तत्काल टिकट, तीन लैपटॉप, पांच मोबाइल और नकदी बरामद हुआ। गिरफ्तार करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल आलोक कुमार सिंह, जनार्दन यादव, मुन्ना कुमार शाह, अमित कुमार यादव आदि शामिल रहे।