गोंडा जिले में शहर के महाराजगंज मोहल्ले में मंगलवार आठ सितंबर को पांच युवकों की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद घटना के दौरान चलाए गए रेस्क्यू आपरेशन और टीम पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कुएं में बछड़ा निकालने के लिए उतरे युवकों की मौत दम घुटने से नहीं बल्कि डूबने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट व फेफड़ों में भी पानी भरना पाया गया है।
बता दें कि रेस्क्यू के दौरान कुएं में गिरे युवकों को निकालने के लिए भारी मात्रा में पानी डाला गया था। डीएम डॉ. नितिन बंसल ने भी युवकों की मौत डूबने से हुई है कि पुष्टि की है।
मंगलवार को महाराजगंज मोहल्ले के बरम बाबा स्थान पर स्थित कुएं में एक बछड़ा गिर गया था। बछड़े को बचाने के लिए एक-एक करके पांच युवक उतरे और अंदर ही रह गए। आनन-फानन में पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई।
कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस व फायर बिग्रेड की टीम ने रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर दिया। रेस्क्यू आपरेशन के दौरान कुएं में फायर बिग्रेड की गाड़ी से पानी कुएं में भरा गया। इसके बाद फिर कुएं से पानी खाली किया गया और शवों को बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि कुएं का इस्तेमाल पिछले करीब बीस वर्षों से नहीं हो रहा था। ऐसे में कुएं का सोता सूख चुका था, सिर्फ बरसात का पानी ही कुएं में रहता था। अबकी बार ठीक-ठाक बरसात के कारण माना जाता है कि दो से ढाई फिट पानी ही कुएं में रहा होगा।
ऐसी स्थिति कुएं में डूबकर मरने की संभावना नगण्य हो जाती है। लोगों का मानना है कि रेस्क्यू के दौरान भरे गए पानी से डूबने से युवकों की मौत हो सकती है।
सांस लेने के दौरान ही फेफड़ों तक पहुंचता है पानी : डॉ. समीर
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. समीर गुप्ता बताते हैं कि पानी में सांस लेने के दौरान ही फेफड़ों तक पानी पहुंचता है। जिसके बाद फेफड़ों में पानी भर जाने से मौत हो जाती है। वह बताते हैं कि गहरे कुएं में ऑक्सीजन लेवल बहुत कम हो जाता है जिससे आदमी अचेतावस्था में चला जाता है। ज्यादा देर तक अगर कुएं में ही फंसा रहे तो उसकी मौत हो सकती है।
पहले अचेत हुए फिर डूबकर मरे : कोतवाल
नगर कोतवाल आलोक राव ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवकों के डूबकर मरने की पुष्टि की बात स्वीकारी है। उन्होंने बताया कि पहले युवक जहरीली गैस के कारण अचेत हो गए और बाद में कुएं में डूबकर उनकी मौत हो गई।