1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ‘9 बजे, 9 मिनट’ के लिए अखिलेश-प्रियंका के ट्वीट पर डिप्‍टी सीएम दिनेश शर्मा का जवाब-विपक्ष का काम है दुष्‍प्रचार करना

‘9 बजे, 9 मिनट’ के लिए अखिलेश-प्रियंका के ट्वीट पर डिप्‍टी सीएम दिनेश शर्मा का जवाब-विपक्ष का काम है दुष्‍प्रचार करना

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
‘9 बजे, 9 मिनट’ के लिए अखिलेश-प्रियंका के ट्वीट पर डिप्‍टी सीएम दिनेश शर्मा का जवाब-विपक्ष का काम है दुष्‍प्रचार करना

बेरोजगारी और सरकारी संस्थानों के निजीकरण के खिलाफ 9Sept9PM9Minute की मुहिम के समर्थन में सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी के ट्वीट के बाद सरकार की ओर से डिप्‍टी सीएम दिनेश शर्मा ने मोर्चा संभाल लिया। उन्‍होंने विपक्ष पर सरकार के खिलाफ दुष्‍प्रचार की कोशिश करने का आरोप लगाया।

डिप्‍टी सीएम ने कहा कि विपक्ष का काम ही है दुष्प्रचार करना। वे दुष्प्रचार का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। बेरोजगारी के मुद्दे को खारिज करते हुए उन्‍होंने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में लाखों की संख्या में पुलिस की भर्ती हुई है। कई हज़ार शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। अन्य विभागों की नियुक्तियां हुई हैं। इसके बावजूद विपक्ष यह दुष्‍प्रचार कर रहा है।

इसके पहले सुबह से इस मुहिम को लेकर सियासी माहौल गर्म है। सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने बेरोजगारी को और सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं से बुधवार रात 9 बजे, 9 मिनट के लिए अपने घरों की बत्तियां बंद कर विरोध जताने का आह्वान किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि युवाओं और उनके परिवार की बेरोजगारी-बेकारी के इस अंधेरे में हम आज रात 9 बजे, 9 मिनट के लिए बत्तियां बुझाकर क्रांति की मशाल जलाएं।

इस मुहिम का कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने भी समर्थन किया। उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि इस देश का युवा अपनी आवाज सुनाना चाहता है। अपनी रुकी हुईं भर्तियों, परीक्षाओं की तिथियों, अपॉइंटमेंट एवं नई नौकरियों को लेकर युवा अपनी आवाज उठा रहा है। आज हम सबको युवाओं की रोजगार की लड़ाई में उनका साथ देने की जरूरत है।
.

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...