नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा लाइन पर सोमवार से मेट्रो चलनी शुरू हो गई। सुबह 7 से 11 और शाम को 5 से 9 बजे के बीच मेट्रो चलाई गई। पहले दिन मेट्रो के प्रति लोगों का रूझान काफी कम रहा। पहले दिन करीब 600 राइडरशिप रही। अधिकारियों को उम्मीद है कि नोएडा-दिल्ली के बीच ब्लू लाइन पर मेट्रो चलने पर इस लाइन पर भी सवारियों की संख्या में इजाफा होगा।
अधिकारियों ने बताया कि 169 दिन बाद सोमवार से नोएडा-ग्रेनो के बीच मेट्रो चलनी शुरू हुई है। तय समय के मुताबिक सुबह 7 बजे से मेट्रो चलनी शुरू हो गई थी। सवारियों ने नियमों का पालन करते हुए मेट्रो में सफर किया। स्टेशन पर बने पदचिन्हों पर ही लोग खड़े दिखे। सभी सवारियों की प्रवेश द्वारा पर तापमान की जांच की गई। उनके हाथों को सेनेटाइज भी किया गया। इसके बाद उन्हें स्टेशन के अंदर प्रवेश दिया गया। सफर करने वाले अधिकांश मुसाफिरों ने स्मार्ट कार्ड का प्रयोग किया। शाम वाली शिफ्ट में करीब इतने ही मुसफिरों ने सफर किया।
अधिकारियों का कहना है कि इस लाइन पर अधिकतर सवारी नोएडा-दिल्ली के बीच चलने वाली ब्लू लाइन के जरिए आती है। ऐसे में बुधवार को और फिर 12 सितंबर से रोजाना चलने वाली सभी मेट्रो का असर नोएडा-ग्रेनो लाइन पर भी पड़ेगा। एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि लॉकडाउन के बाद एक्वा लाइन का पहला दिन था। ऐसे में मुसाफिरों की संख्या कम रही। अभी शहर के स्कूल-कॉलेज भी बंद हैं। नोएडा से ग्रेनो के कॉलेजों में पढ़ने के लिए काफी संख्या में छात्र जाते हैं। ग्रेनो में पूरा शिक्षा हब है। इसका असर भी देखने को मिल रहा है
एक्वा लाइन की शुरुआत के बाद नोएडा में 9 सितंबर से ब्लू लाइन व 11 सितंबर से मजेंटा लाइन पर मेट्रो चलेगी। ब्लू लाइन सेक्टर-15 से इलेक्ट्रानिक सिटी तक नोएडा में चलेगी। इस लाइन पर व्यस्त समय में सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम को 4 से 8 बजे तक मेट्रो चलेगी। यानी ब्लू लाइन पर चार घंटे सुबह और चार घंटे शाम को मेट्रो चलेगी। इसका सेक्टर-15 से इलेक्ट्रानिक सिटी तक का हिस्सा नोएडा में आता है। जिसमे सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-18, बोटेनिकल गार्डन, गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर के अलावा सेक्टर-34, सेक्टर-52, सेक्टर-61, सेक्टर-59, सेक्टर-62 और नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन है। इस सेक्शन पर ब्लू लाइन है। इसी तरह मेजेंटा लाइन पर मेट्रो छह-छह घंटे के लिए चलेगी। व्यस्त समय में सुबह 7 से 1 बजे तक और शाम को 4 से रात 10 बजे तक मेट्रो चलेगी।
लोगों की सहुलियत के शुरू हुई पार्किंग
इस लाइन के सेक्टर-51 समेत कई स्टेशनों पर सोमवार से पार्किंग की सुविधा शुरू हो गई। पहले दिन सेक्टर-51 स्टेशन पर 50 से अधिक वाहनों की पार्किंग हुई। ब्लू लाइन चलने पर यहां पर पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों की संख्या में इजाफा होगा। दिल्ली जाने वाले लोग इसी पार्कि्ंग में वाहन खड़े करते हैं।
बस-ऑटो-ई-रिक्शे की सुविधा नहीं होने से भी कम सवारी पहुंची
मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए परिवहन साधन बस, ऑटो, ई-रिक्शा की कोई सुविधा विभाग की ओर से नहीं की गई थी। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। परिवहन साधन नहीं होने के कारण लोग खुद ही निजी वाहन या कैब् के जरिए गंतव्य की ओर चले गए।
सेक्टर-51, 52 स्टेशन के बीच चलेंगे मुफ्त में ई-रिक्शे
12 सितंबर से रोजाना मेट्रो चलना शुरू होते ही ब्लू लाइन के सेक्टर-52 और एक्वा लाइन के सेक्टर-51 स्टेशन के बीच सवारियों के लिए मुफ्त में 10 ई-रिक्शे चलाए जाएंगे। इन दोनों स्टेशन के बीच 200 मीटर से अधिक फासला है। आने वाले समय में दोनों स्टेशन को जोड़ते हुए स्काईवॉक बनना प्रस्तावित है।