फेसबुक आईडी बनाकर जालसाजों द्वारा रुपये मांगने के मामले में पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है। नया मामला पूर्व मंत्री और कैम्पियरगंज से भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह का फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगने का है। कई लोगों के पास संदेश जाने के बाद विधायक को इसकी जानकारी हुई। विधायक ने कार्रवाई के लिए कैंट पुलिस को तहरीर भेज दी है।
कैम्पियरगंज विधान सभा सीट से भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री फतेह बहादुर सिंह का फोटो लगाकर फेसबुक आईडी बनाकर मंगलवार को उनके उनके शुभचिंतकों से दोस्ती की गई और फिर मदद के नाम पर रुपये मांगे गए। झांसे में आकर कुछ लोगों ने रुपये भी भेज दिए। अचानक विधायक का यह संदेश आते ही लोगों को शक हो गया और सीधे विधायक को फोन कर इसकी जानकारी दी। विधायक के पास फोन जाने के बाद उन्हें जालसाजी की जानकारी हुई और जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत की है। कैंट इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय ने बताया कि विधायक की तहरीर मिली है। कार्रवाई की जा रही है।
एडीजी जोन का भी फेसबुक आईडी बना चुके है जालसाज
जालसाज एडीजी जोन दावा शेरपा का फेसबुक एकाउंट तैयार कर लोगों से रुपये मांग चुके है। इस मामले में साइबर थाना मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रहा है। इसके अलावा जालसाज खजनी विधायक संत प्रसाद, तत्कालीन सीओ गोरखनाथ/सीओ क्राइम प्रवीण सिंह आदि का फेसबुक एकाउंट बनाकर लोगों से रुपये मांगे गए थे। इस मामले में भी पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस का हाथ खाली है।