नकुड थाना क्षेत्र के गांव चापरचिड़ी में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है।
नकुड पुलिस ने हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
मृतक युवक के परिजनों ने 2 युवकों के खिलाफ नामजद व अज्ञात के खिलाफ थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया था।
आज नकुड पुलिस ने नामजद अभियुक्तों रविश सैनी व आकाश कश्यप को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया तथा अभियुक्त रविश ने आलाकत्ल चाकू बृजपाल के खेत से व अपने खून से सने हुए कपड़े बरामद कराये।
नकुड पुलिस ने प्रकाश में आये तीन अन्य अभ्युक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के द्वारा पांचों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
बताते चलें कि 4 दिन पूर्व एक आम के बाग के पास दो पक्षों में सड़क पर दौड़ लगाने को लेकर चाकूबाजी की घटना हो गई थी जिसमें आकाश पुत्र इसम सिंह निवासी ग्राम चापरचिड़ि थाना नकुड सहारनपुर की हत्या कर दी गई थी।मृतक युवक आकाश का एक साथी रोशन इस घटना में घायल भी हुआ था।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे जनपद में सनसनी फैल गई थी।नकुड थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार सैनी व अंबेहटा चौकी इंचार्ज नरेश सिंह ने हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम किया है।