मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने पुलिस पर अपने ही घर में नज़रबंद कर देने का आरोप लगाया है। सुमैया, उज़मा परवीन सहित कई महिलाएं मंगलवार को लखनऊ में पांच कालीदास मार्ग स्थित सीएम आवास को घेरने की तैयारी में थीं।
सीएम आवास पर प्रदर्शन को लेकर सुमैया ने सोशल मीडिया पर एक मैसेज भी वायरल किया था। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं से पांच कालीदास मार्ग पर जुटने का आह्वान किया था। सुमैया के मुताबिक वे ताली बजाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली थीं। उनका आरोप है कि जैसे ही यह सूचना पुलिस तक पहुंची, उन्हें नज़रबंद कर दिया गया। उनके घर के बाहर फोर्स तैनात कर दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि रात में ही उनके घर के बाद 30 से 40 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। इस दौरान उनके अपार्टमेंट में आने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि यह रवैया सरासर गलत है। वह कोई अपराधी नहीं हैं। उनके साथ ऐसा बर्ताव नहीं किया जा सकता है।
सुमैया के अनुसार पुलिस की तरफ से धारा 144 का हवाला देकर उन्हें उनके घर में रहने को कहा गया है।