1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पैसे के लेन देन में युवक ने काटा महिला का हाथ, बच्चा भी घायल

पैसे के लेन देन में युवक ने काटा महिला का हाथ, बच्चा भी घायल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
पैसे के लेन देन में युवक ने काटा महिला का हाथ, बच्चा भी घायल

उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पैसे के लेन देन को लेकर महिला और उसके बच्चे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में महिला का हाथ कट गया और बच्चा भी घायल हो गया।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि रक्सा थाना क्षेत्र के हेबदा गांव में एक युवक राकेश ने  ने माया नाम की महिला और उसके बच्चे करण पर धारदार हथियार से गुरुवार रात हमला कर दिया। तलवार से किए गए इस हमले में महिला के बाएं हाथ की कलाई अलग हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज में दोनों का इलाज चल रहा है और दोनों ही खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर पर आरोपी राकेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि राकेश का पहले से माया के घर आना जाना था और उसने 80 हजार की रकम माया को दी थी। इसी पैसे की वापसी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच राकेश कल देर रात तलवार लेकर माया के घर में घुस गया और मां बेटे को बुरी तरह घायल कर दिया। आरोपी राकेश फरार है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...