लखनऊ में फेसबुक पर दो महिलाओं के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई। जिसके जरिये महिलाओं के परिचितों को फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजने के साथ ही अभद्र पोस्ट डाले गए। पीड़िताओं ने गाजीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
सर्वोदय नगर निवासी युवती को सहेलियों से उसके नाम से दूसरी आईडी बनाये जाने का पता चला था।युवती के मुताबिक सहेली की फेसबुक आईडी का इस्तेमाल कर उसने फर्जी फेसबुक आईडी सर्च की। जिसे देख कर युवती हैरान रह गई।
आरोपी ने युवती की फोटो के साथ कई अभद्र कमेंट लिखे थे। फर्जी फेसबुक प्रोफाइल में युवती का नाम, मोबाइल नम्बर और पता भी दर्ज किया गया था। जिसके कारण युवती के पास अनचाहे फोन आने लगे। साथ ही युवती की असली फेसबुक आईडी से डिटेल निकाल कर परिचितों को फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी गई।
महिला का मोबाइल नम्बर किया क्लोन
इन्दिरानगर निवासी महिला का वर्ष 2018 में पति से तलाक हो गया था। महिला के अनुसार उसके मोबाइल नम्बर का क्लोन बना कर फेसबुक आईडी चलाई जा रही है। जिसमें महिला और उसके परिवार से जुड़ी फोटो व वीडियो शेयर किये गये हैं। फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाले शख्स ने कई लोगों को फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी है।
साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट कर महिला की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। इंस्पेक्टर गाजीपुर बृजेश सिंह ने बताया कि दोनों की मामलों में साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच की जा रही है।