जल्द ही कोविड एल टू अस्पताल तिलोई में भी शुरू होगा। यहां पर 18 बेड का आईसीयू बनाया जा रहा है। जिसमें 14 वेंटिलेटर लगाये जायेंगे। इस अस्पताल के बन जाने के साथ ही जिले में एल टू अस्पतालों की संख्या दो हो जाएगी।
जिले में कोरोना संक्रमण का प्रसार बढ़ रहा है। जिसको देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में लगा है। फिलहाल संयुक्त जिला अस्पताल को एल वन व अटैच्ड एल टू अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है। यहां पर मरीजों का इलाज किया जा रहा है। एल टू अस्पताल में आठ वेंटिलेटर के साथ ही 50 बेड के लिए आक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था है। यहां पर प्रशिक्षित स्टाफ भी लगाया गया है।
अब तिलोई के एमसीएच अस्पताल को भी एल टू कोविड अस्पताल के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई। इस अस्पताल के लिए शासन द्वारा 18 वेंटिलेटर व आक्सीजन सिलेंडर आदि की व्यवस्था कराई गई है। वेंटिलेटर को इंस्टाल किया जा रहा है। इसके बाद यहां स्टाफ की तैनाती की जाएगी। अगर शासन से स्टाफ नहीं मिलता है तो डीएम की अध्यक्षता वाली समिति नए स्टाफ की नियुक्ति करेगी।
इस संबंध में डीएम अरुण कुमार ने बताया कि जिले में कोविड संक्रमण को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में एक और एल टू अस्पताल को विकसित करने पर काम किया जा रहा है। जल्द ही यह अस्पताल भी तैयार होगा।