रेलवे रोड थाना क्षेत्र में रविवार को कांस्टेबल की डांट से घबराया किशोर धार्मिक स्थल की छत से गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने कांस्टेबल पर किशोर को धक्का देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक मकबरा डिग्गी निवासी रईस का 13 वर्षीय पुत्र समीर आज सुबह अपने कुछ दोस्तों के साथ मकबरे की छत पर खेल रहा था। किशोर के परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान वहां से गुजर रहा फैंटम सवार पुलिसकर्मी रामखेल राठी रविवार को लॉकडाउन में घर से बाहर निकलने को लेकर बच्चों पर बरस पड़ा। आरोप है कि कांस्टेबल बच्चों के पीछे डंडा लेकर दौड़ा तो घबराया समीर मकबरे की छत से गिर गया। जिसके चलते उसके दोनों पैरों में छज्जे के सरिए घुस गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, घटना के बाद आरोपी कांस्टेबल मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए क्षेत्रवासियों ने कांस्टेबल पर किशोर को छत से धक्का देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने कांस्टेबल पर पहले भी इसी प्रकार लॉकडाउन के दौरान क्षेत्र के लोगों को दबंगई दिखाने का आरोप लगाया। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए हंगामा शांत किया।