यूरिया की कालाबाजारी ओर किल्लत के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेश व्यापी प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रदेश में व्याप्त यूरिया संकट को सरकार प्रायोजित बताते हुए किसानों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह यूरिया सहकारी समितियों से गायब कर दी गई है उससे साफ होता है कि यूरिया की कालाबाजारी अधिकारियों की मिलीभगत से हो रही है। बिचौलियों ने प्रदेश में यूरिया संकट पैदा कर दिया है। यह किसानों को बर्बाद करने की साजिश है। गोरखपुर में नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे कांग्रेस नेताओं पर सरकार पर किसान विरोधी रवैए का आरोप लगाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि इस समय धान की फसल के लिए किसानों को यूरिया खाद की आवश्यकता है तो पूरे प्रदेश में खाद की किल्लत पैदा हो गई है। किसानों के सामने बड़ी दिक्कत है। सरकार इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लाठी-डंडे के जोर पर किसानों-नौजवानों की आवाज को शांत कराना चाहती है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने डीएम ऑफिस पर ज्ञापन देते हुए किसानों के लिए पूरे प्रदेश में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और खाद के दामों को कम करने की मांग की।