उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कंटेनमेंट जोन में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का मेडिकल टेस्ट कराने का निर्देश दिया है। लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर अनलॉक की समीक्षा के दौरान सीएम योगी ने कंटेनमेंट जोन में पूरी सावधानी बरतते हुए व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कंटेनमेंट जोन में प्रत्येक व्यक्ति का मेडिक टेस्ट कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई को और तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि महामारी को एक चुनौती मानते हुए इससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कानपुर नगर, झांसी, वाराणसी, गोरखपुर तथा प्रयागराज में कोविड-19 के उपचार व संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि कानपुर नगर में संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) अथवा किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजी जाए, जो वहां कैम्प कर चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
उन्होंने अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य तथा अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा को जनपद लखनऊ के एल-2 तथा एल-3 कोविड चिकित्सालयों का भ्रमण कर भरे तथा रिक्त बिस्तरों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में एल-2 और एल-3 कोविड अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बिस्तरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार चिकित्सा कर्मियों और मेडिकल उपकरणों की समुचित व्यवस्था भी की जाए। सीएम ने कहा कि एल-2 व एल-3 कोविड अस्पताल में मानक के अनुरूप वेंटिलेटर की व्यवस्था रहनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जांच की क्षमता में निरन्तर वृद्धि किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि आरटी-पीसीआर के माध्यम से प्रतिदिन की जा रही जांच को बढ़ाया जाए। सीएम योगी ने महानिदेशक, स्वास्थ्य व महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा को प्रदेश के एल-2 और एल-3 कोविड चिकित्सालयों में बिस्तरों की संख्या में हुई वृद्धि का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिला स्तर पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के लिए तैनात नोडल अधिकारी की जानकारी संबंधित जिलाधिकारी से प्राप्त की जाए। सीएम योगी ने जनपद स्तर पर एम्बुलेंस सेवा के प्रभावी संचालन के लिए नामित प्रभारी अधिकारी का विवरण सम्बन्धित मुख्य चिकित्सा अधिकारी से प्राप्त करने के भी निर्देश दिए हैं।