अमन जैन हत्याकांड को लेकर दो व्यापारी संगठनों द्वारा अलग-अलग दिन किया गया मेरठ बंद का आवाहन शनिवार को हंगामे का सबब बन गया। बताया जाता है शनिवार को विजेंद्र अग्रवाल गुट से जितेंद्र अग्रवाल उर्फ अट्टू और नवीन कुमार शर्मा के साथ पार्षद पति बिल्लू सेंट्रल मार्केट में व्यापारियों से दुकानें बंद करने की अपील करते घूम रहे थे। इसी दौरान साहिल होटल के निकट दुकानें बंद कराने को लेकर नवीन गुट के व्यापारी नेता और सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष किशोर वाधवा व व्यापारी नेता विनोद अरोड़ा की दूसरे पक्ष के व्यापारियों से तकरार हो गई। जितेंद्र अग्रवाल उर्फ अट्टू का आरोप है कि इसी दौरान किशोर वाधवा पक्ष ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिस दौरान कुछ लोगों ने व्यापारियों पर पथराव भी कर दिया। घटना के चलते बाजार में अफरा-तफरी मच गई। उधर, जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए हंगामे पर उतारू व्यापारियों को तितर-बितर किया। घटना की जानकारी मिलते ही विजेंद्र अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर एक पक्षीय कार्यवाही का आरोप लगाते हुए इस मामले में आला अधिकारियों से शिकायत की बात कही। घटना के चलते सेंट्रल मार्केट में घंटों हंगामे के हालात बने रहे।