कंगना रनौत के ऑफिस पर बीएमसी का बुल्डोजर चलना उनकी जिन्दगी के लिए बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है। यह मानना है ज्योतिषीय मामलों में कंगना के सलाहकार सचींद्र नाथ पांडेय का। मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले सचींद्र की देखरेख में ही कंगना के फिल्म प्रोडक्शन हाउस मणिकर्णिका का वह ऑफिस बना था। ‘लाइव हिन्दुस्तान’ से हुई बातचीत में सचींद्र ने कहा कि कंगना योद्धा हैं। उन्हें हराया नहीं जा सकता। मौजूदा हालात कंगना को विचलित नहीं बल्कि और मजबूत करेंगे।
‘मणिर्कणिका’ पर चला बुलडोजर कंगना की जिंदगी का बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है। उनकी कुंडली में ग्रहों की चाल और दशाएं बता रही हैं कि यह वह वक्त है, जब लोग कंगना की हिम्मत देखेंगे और उनके साथ जुड़ेंगे। तनु वेड्स मनु, कृष-3, मणिकर्णिका, क्वीन जैसी दर्जनों फिल्मों में कंगना के किरदार के नाम, शूटिंग और लांचिंग का मुहूर्त तय कराने में सचींद्र की भूमिका बताई जाती है।
उनके अनुसार, कंगना के दफ्तर पर बुलडोजर चलने के पीछे ग्रहों की वह चाल है जो किसी व्यक्ति को बड़ी कामयाबी से पहले एक कदम पीछे ले जाती है। सिंह राशि की कुंडली में चतुर्थ भाव का चंद्रमा कंगना को पारस पत्थर बनाता है। वह निस्संदेह सफल होंगी। उन्हें हराया नहीं जा सकता।
क्या कंगना भविष्य में राजनीति में जा सकती हैं। इस सवाल पर सचीन्द्र कहते हैं-‘राजनीति कंगना के लिए कोई बड़ी चीज नहीं है। यह उनके दरवाजे पर खड़ी है। यदि वह निर्णय लेंगी तो निश्चित सफल होंगी।’
ऑफिस काफी शुभ है कंगना के लिए
सचींद्र के मुताबिक जिस ऑफिस पर बीएमसी का बुल्डोजर चला है वह कंगना के लिए काफी शुभ है। उन्होंने वहां मकर संक्रांति के दिन प्रवेश किया था। वहां जाने के दस दिन बाद ही उन्हें पद्मश्री मिला। एक बार फिर यह ऑफिस कंगना के लिए शुभ साबित होगा।