1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, दो युवक घायल

छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, दो युवक घायल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, दो युवक घायल

जिले के नौचंदी थाना क्षेत्र में देर रात 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों ही पक्षों के दो युवक घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमले का आरोप लगाते हुए नौचंदी थाने में तहरीर दी है। वहीं, सीओ सिविल लाइन ने छेड़छाड़ को लेकर मारपीट की बात से इनकार करते हुए जांच की बात कही है।
दरअसल घटना नेहरू नगर गली नंबर 1 की है। बताया जाता है क्षेत्र की रहने वाली 11वीं की एक छात्रा को उसके पड़ोस में रहने वाला युवक पिछले कई दिनों से परेशान कर रहा था। मनचले की हरकतों से आजिज आकर बृहस्पतिवार को छात्रा ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद छात्रा के भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर आरोपी युवक की पिटाई कर डाली। बताया जाता है इसके बाद रात को आरोपी युवक ने अपने कुछ अन्य साथियों को लेकर छात्रा के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर बैट और स्टंप चले। घटना के चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस आपस में भिड़ रहे दोनों पक्षों को उठा कर थाने ले आई। घटना में दोनों पक्षों से दो युवक घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, देर रात थाने में लाए गए दोनों पक्ष थाने में ही आपस में भिड़ने को तैयार हो गए। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर पहले मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं, सीओ सिविल लाइन पूनम सिरोही ने बताया कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने छेड़छाड़ को लेकर मारपीट की बात से इंकार किया है।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...