यमुना एक्सप्रेस वे पर सुरक्षा की कलई शुक्रवार की रात फिर खुलकर सामने आई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने लोनी गाजियाबाद के कपड़ा व्यापारी जतिन की गाड़ी को घेर लिया। उनके चालक सुमेर को मौके पर ही उतारकर बदमाश व्यापारी को गाड़ी में बंधक बनाकर ले गए। व्यापारी को थोड़ा आगे पहुंचकर गाड़ी से धक्का दिया। चालक ने गाड़ी सहित व्यापारी के अपहरण की सूचना दी। खलबली मच गई।
घटना रात करीब नौ बजे की है। 26 वर्षीय जतिन अपनी बहन संगीता को छोड़ने मथुरा आए थे। बहन को छोड़ने के बाद वह अपने चालक सुमेर के साथ कन्नौज अपनी ससुराल जा रहे थे। खंदौली टोल प्लाजा क्रॉस करने के बाद इंटरचेंज तीन किलोमीटर दूर है। इसी के बीच वारदात हुई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी की सफारी गाड़ी को रुकवा लिया। दो बदमाश बाइक से उतरे। तमंचा तानकर चालक को गाड़ी से बाहर घसीट लिया। एक बदमाश खुद स्टेयरिंग पर बैठ गया। दूसरे ने जतिन पर तमंचा तान दिया। बदमाश गाड़ी सहित जतिन को उठाकर ले गए। यही सूचना चालक सुमेर ने टोल पर दी।
सूचना ने पुलिस के होश उड़ा दिए। चारों तरफ नाकाबंदी कराई गई। खंदौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। रेंज स्कीम लागू कराई गई। पुलिस चारों तरफ काले रंग की सफारी यूपी14-5324 की तलाश में जुट गई। बदमाशों ने व्यापारी को एक्सप्रेस वे ही गाड़ी से धक्का दे दिया था। छानबीन के दौरान पुलिस को व्यापारी मिल गया। पुलिस देर रात चालक और व्यापारी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। लूटी गई गाड़ी का भी कोई सुराग नहीं मिला था।
दहशत में आया व्यापारी, बोल नहीं पा रहा था
वारदात से व्यापारी जतिन बुरी तरह दहशत में आ गया था। जिस समय पुलिस उसे मिले उसके हाथ-पैर कांप रहे थे। कपड़ों पर मिट्टी लगी हु़ई थी। वह ठीक से पुलिस को यह नहीं बता पा रहे थे कि हुआ क्या था। पुलिस पहले तो यह बोल रही थी कि बदमाशों ने चालक और व्यापारी को एक ही जगह गाड़ी से उतारा था। व्यापारी ने बाद में इस बात का खंडन किया। बोला उन्हें आगे तक ले गए थे।
कालिंदी विहार में मिली लोकेशन
लूटी गई गाड़ी में एक मोबाइल फोन रह गया था। पुलिस को उसकी लोकेशन कालिंदी विहार, एत्मादुद्दौला में मिली। पुलिस की कई टीमें कालिंदी विहार में गाड़ी की तलाश में जुट गईं। देर रात तक गाड़ी का सुराग नहीं मिला था। बाद में वह मोबाइल भी बंद हो गया जो गाड़ी में रह गया था।