मेरठ में रोडवेज बस में दो पिंजरों में करीब 80 तोते वन विभाग की टीम और पुलिस ने बरामद किए हैं,पुलिस ने पिंजरों के पास कोई ना मिलने पर बस ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया कर लिया । दोनों से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि किसी ने बस में तोते मुरादाबाद से रखे और कंडक्टर को पैसे दिए। मेरठ में इन तोतों को किसी के सुपुर्द करना था ये अभी जांच का विषय है ।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुरादाबाद से बस के जरिए तोतों के मेरठ लाए जाने की सूचना वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो दिल्ली को मिली थी। सूचना मेरठ में वन विभाग के अफसरों को दी गई। वन विभाग ने टीम बनाई और गोपनीय तरीके से कार्रवाई का जिम्मा सौंपा। रोडवेज बस जैसे ही सोहराब गेट बस अड्डे पर पहुंची तो पहले से सक्रिय टीम तोते लेकर उतरने वाले व्यक्ति की धरपकड़ में लग गई। बस से कोई यात्री नहीं उतरा। टीम ने बस में चढ़कर देखा कि तोतों से भरे दो पिंजरे रखे थे। टीम ने कंडक्टर महकार सिंह और ड्राइवर सत्यवान त्यागी से पूछताछ की। उन्होंने जानकारी से इंकार किया। फिलहाल टीम बस समेत ड्राइवर और कंडक्टर को पूछताछ के लिए ले गई है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि मुरादाबाद से बस में तोतों से भरे पिंजरे किसी ने रखे होंगे। कंडक्टर ने इसकी एवज में पैसे लिए होंगे। मेरठ में यदि वन विभाग की टीम तोते नहीं पकड़ती तो कंडक्टर किसी को तोतों से भरे पिंजरे सौंप देता।