पत्नी के छोड़कर मायके चले जाने से परेशान सुनील ने शनिवार को आम के पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। ग्रामीणों के जरिए सुनील के परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्र के गांव करनापुर निवासी सुनील की उम्र 30 साल थी। सुनील का करीब दस साल पहले लखीमपुर खीरी जिले के थाना पसगवां के गांव ककरहैया की युवती से विवाह हुआ था। सुनील का चार साल का बेटा है। करीब दो साल पहले उनकी पत्नी छोड़कर मायके चली गई थी। लाख कोशिशों के बाद भी वह ससुराल आने पर राजी नहीं हुईं। पत्नी ने ससुरालीजनों पर उत्पीड़न का मुकदमा भी कर दिया था। इसको लेकर सुनील अक्सर परेशान रहता था। शनिवार दोपहर सुनील ने गांव के दक्षिण स्थित बाग में आम के पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी के साथ उसकी काफी दिनों से अनबन चल रही थी। कुछ दिन पूर्व सुनील समझौता कर विदा कराने की बात कहकर ससुराल गया था, लेकिन वापस लौट आया था।