मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय का एक कर्मचारी शुक्रवार की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसी के साथ एक स्वास्थ्य कर्मी और एक महिला आरक्षी भी कोरोना वायरस की गिरफ्त में हैं। शुक्रवार को जिले में 20 रोगी पाए गए हैं। इसमें से 11 रोगी शहरी क्षेत्र के हैं और सात संक्रमित दूसरे ब्लाक क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी रोगियों को होम आइसोलेशन या फिर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
शहरी क्षेत्र में सीडीओ कार्यालय के अलावा सीएचसी खलीलाबाद का एक स्वास्थ्य कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा एक महिला सिपाही भी कोरोना की चपेट में हैं। मीरगंज में दो मरीज पाए गए हैं। इसके अलावा गरथवलिया, वैष्णो मंदिर, तामा, बंजरिया पूर्वी, तितौवा, दुघरा, कालीपुर मगहर व बालूशासन में एक-एक रोगी पाए गए हैं। बघौली ब्लाक के महनी गांव में एक साथ चार रोगी पाए गए हैं। इसके अलावा एक एक मरीज नाथनगर और मेहदावल ब्लाक के हैं। एक मरीज गैर जिले का रहने वाला है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी प्रशासन डा. मोहन झा ने बताया कि 34 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इनमें 12 को एल वन व 22 मरीज होम आईसोलेशन में भर्ती थे। 196 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि जिले में तेजी के साथ कोरोना संक्रमित मरीजों की जांच की जा रही है। ताकि अधिक से अधिक लोगों को चिन्हित किया जा सके और इसका समय से इलाज हो सके।