1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजाद पार्क के खर्च में कटौती की तैयारी

आजाद पार्क के खर्च में कटौती की तैयारी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
आजाद पार्क के खर्च में कटौती की तैयारी

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आजाद पार्क को खोलने का समय अनलॉक-4 में भी न बढ़ाए जाने से इसकी खूबसूरती पर ग्रहण लग सकता है। सप्ताह में एक दिन की बंदी और पार्क खुलने की समयसीमा निर्धारित होने से पार्क में आने वालों की संख्या में तेजी से कमी आई है। जिससे पार्क की आय में काफी गिरावट हुई है और नतीजतन अब कास्ट कटिंग शुरू कर दी गई है।

मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने वालों के अलावा चंद लोग ही पार्क में टहलने के लिए आ रहे हैं। लोगों की संख्या में कमी होने के कारण आजाद पार्क को 30 से 40 हजार रुपए का नुकसान हो रहा है। ऐसे में पार्क की मेंटेनेंस भी प्रभावित हो रही है। आजाद पार्क में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्डों और टिकट कलेक्टर, माली, सफाई कर्मचारियों का वेतन इस समय दे पाना राजकीय उद्यान विभाग के लिए कठिन हो गया है।

कोरोना काल में पार्क बंद रहने के कारण पिछले पांच महीनों में आजाद पार्क को 60 रुपए लाख से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। राजस्व की कमी के कारण राजकीय उद्यान विभाग की ओर से कास्ट कटिंग की तैयारी तेज हो गई है। टिकट कलेक्टर को हटाने के साथ अब सिक्योरिटी गार्डो को भी हटाने की तैयारी है। ऐसे में अगर सिक्योरिटी गार्ड और टिकट कलेक्टर हट जाएंगे तो पार्क में अराजकता का माहौल बन जाएगा और पार्क में लगे फूलों व अन्य उपकरण देखरेख के अभाव में नष्ट होने लगेंगे।

राजकीय उद्यान अधीक्षक डॉ. सीमा सिंह राणा ने बताया कि निर्धारित समय के लिए पार्क खोले जाने से प्रतिदिन हजारों रुपए का नुकसान हो रहा है। आमदनी तो कम हो गई लेकिन खर्चा वही बना हुआ है जिसके कारण अब समस्या आ रही है इसे दुरुस्त कराने का प्रयास जारी है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...