फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत और महाराष्ट्र सरकार के बीच चल रहे विवाद पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद कंगना के पक्ष में आ गया है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि कंगना देश की बहादुर बेटी है। उसने ड्रग और फिल्म माफिया का काला चेहरा बेनकाब किया है। यही कारण है कि सब डरे हुए हैं। कंगना के दफ्तर को गिराने की जो कार्रवाई की गई है वह बदले की भावना से की गई है।
परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि अभिनेता सुशांत सिंह राठौर की मौत के मामले में कंगना ने निडरता के साथ ड्रग और बॉलीवुड माफिया के खिलाफ बयान दिया है। इससे एक पक्ष पूरी तरह से हिला हुआ है। उद्धव ठाकरे सरकार की कार्रवाई बदले की भावना से की गई है। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में कुछ लोगों का ही वर्चस्व है। इसे भी कंगना ने साबित किया। महंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार की कार्यप्रणाली पूर्व में भी सही नहीं रही है। पालघर में संतों की हत्या का मामला इस बात को बताता है। कंगना के केस में हाईकोर्ट ने उनके दफ्तर को गिराने पर रोक लगा दी है। इस प्रकरण में अखाड़ा परिषद कंगना के साथ है।