1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पिंजरों में कैद कर रोडवेज बस से मेरठ लाए जा रहे थे तोते

पिंजरों में कैद कर रोडवेज बस से मेरठ लाए जा रहे थे तोते

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
पिंजरों में कैद कर रोडवेज बस से मेरठ लाए जा रहे थे तोते

मुरादाबाद से सोमवार देर रात मेरठ आ रही रोडवेज बस में दो पिंजरों में भरकर तोते लाए जा रहे थे। इन तोतों को लेकर आने वाला तो वन विभाग के हाथ नहीं आया लेकिन बस ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि किसी ने बस में तोते मुरादाबाद से रखे और कंडक्टर को पैसे दिए। मेरठ में इन तोतों को किसी के सुपुर्द करना था।

वन संरक्षक अदिति शर्मा ने बताया कि मुरादाबाद से बस के जरिए तोतों के मेरठ लाए जाने की सूचना वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो दिल्ली को मिली थी। सूचना मेरठ में वन विभाग के अफसरों को दी गई। वन विभाग ने टीम बनाई और गोपनीय तरीके से कार्रवाई का जिम्मा सौंपा। रोडवेज बस जैसे ही रात में सोहराब गेट बस अड्डे पर पहुंची तो पहले से सक्रिय टीम तोते लेकर उतरने वाले व्यक्ति की धरपकड़ में लग गई। बस से कोई यात्री नहीं उतरा। टीम ने बस में चढ़कर देखा कि तोतों से भरे दो पिंजरे रखे थे। टीम ने कंडक्टर महकार सिंह और ड्राइवर सत्यवान त्यागी से पूछताछ की। उन्होंने जानकारी से इंकार किया। फिलहाल टीम बस समेत ड्राइवर और कंडक्टर को पूछताछ के लिए ले गई है। वन संरक्षक अदिति शर्मा का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि मुरादाबाद से बस में तोतों से भरे पिंजरे किसी ने रखे होंगे। कंडक्टर ने इसकी एवज में पैसे लिए होंगे। मेरठ में यदि वन विभाग की टीम तोते नहीं पकड़ती तो कंडक्टर किसी को तोतों से भरे पिंजरे सौंप देता। एसडीओ वन अनिल कुमार मिश्रा का कहना है कि बस ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...