गलत बिजली बिलों को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पंडित आशु शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंगलवार को ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की अफसरों, सुरक्षा कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। दफ्तरों पर तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
पंडित आशु शर्मा ने कहा कि कोरोना काल में लगातार जिन लोगों द्वारा बिजली बिल जमा करा दिए गए थे, उन लोगों को भी बिजली विभाग ने दोबारा बढ़ाचढ़ाकर बिजली बिल भेज दिए हैं। बड़ी संख्या में विद्युत कनेक्शन काटे गए हैं। गलत बिल सही कराने के नाम पर बिजली विभाग के दफ्तरों में चक्कर कटाए जाते हैं। कहा कि जिन व्यापारियों तथा आम लोगों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें तत्काल जोड़ा जाए। बिलों को ठीक कर भेजा जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो संयुक्त व्यापार मंडल ऊर्जा भवन पर तालाबंदी कर देगा। पीवीवीएनएल अधिकारियों ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय ओबरॉय, मंडल उपाध्यक्ष युवा भावेश शर्मा, निरंजन सिंह, हाजी शारिक, विजय राठी, तुषार चौधरी, हाजी सरताज गाजी, ताहिर अंसारी मौजूद रहे।