शहर में शुक्रवार को दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। वहीं बरसात जलभराव होने शहर में जगह-जगह ताल तलैया बन गए। बारिश ने हमेशा की तरह इस बार भी नगर निगम की व्यवस्था को उजागर कर दिया। बारिश बंद होने के दो घंटे बाद भी शहर में जलभराव के कारण जाम लगा रहा। जिसके कारण न केवल वाहन चालक बल्कि पैदल राहगीर भी परेशान हो गए।
शहर में शुक्रवार सुबह पूरी तरह खुले मौसम में दोपहर तक आसमान में बादल उमड़ने लगे। शाम को अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे की बारिश से शहर में कई स्थानों पर जल भराव हो गया। इससे पुराना बस अड्डे के पास रेलवे पुल, भूतेश्वर रेलवे पुल के नीचे, नया बस स्टैंड रेलवे पुल के नीचे, बीएसए रोड, महोली रोड, कृष्णा नगर, मंडी चौराहा, गोवर्धन चौराहा, चंद्रपुरी, चेतन लोक, गुरुनानक नगर, होलीगेट, छत्ता बाजार चौक बाजार, स्वामी घाट आदि स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे शहर ताल तलैया दिखाई देने लगा। हालात यह थे कि पैदल राहगीरों सहित वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
देर तक लगा जाम
जलभराव के चलते वाहनों के इधर उधर से निकालने की जद्दोहद में कई स्थानों पर जाम के हालत भी बन गए। इस दौरान नए बस स्टैंड, भूतेश्वर तिराहा, बीएसए रोड गोवर्धन चौराहा, मंडी चौराहा आदि स्थानों पर जाम के हालत बन गए। बीएसए रोड पर और हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा। बीएसए रोड पर दोनों ओर जलभराव होने के कारण यहां वाहनों को दो घंटे तक फंसे रहना पड़ा।
नगर निगम की खुली पोल
बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी। बारिश बंद होने के दो घंटे बाद भी सड़कों पर जलभराव बना हुआ था। जलभराव के बदनाम स्थल भूतेश्वर रेलवे पुल के नीचे, बीएसए रोड, नया बस स्टैंड रेलवे पुल के नीचे और पुराने बस स्टैंड रेलवे पुल के नीचे बारिश के दो घंटे बाद भी निकलने की स्थिति नहीं थी। नए बस स्टैंड के नीचे रेलवे पुल पर बारिश का पानी निकालने के लिए लगाया गया पंप सेट शुक्रवार को शो पीस बना रहा। पंप न चलने के कारण बारिश बंद होने के दो घंटे बाद भी वहां वाहन निकलने लायक व्यवस्था नहीं हो सकी थी।
किसानों के चेहरे खिले
बरसात के बाद किसानों के चेहरे खिल गए। उनकी खरीफ की फसल को इससे पर्याप्त पानी मिल गया है। इससे धान, ज्वार, बाजरा आदि फसलों को फायदा पहुंचा है।
नंदगांव में दुकानों में भरा पानी
नंदगांव में हुई झमाझम बारिश से लोगों के घरों दुकानों में पानी भर गया। इससे लोगों को अपनी-अपनी दुकानों और घरों से पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में भरा पानी
कंकाली रोड पर हुआ जलभराव का पानी सहायक श्रमायुक्त कार्यालय सहित यहां की काफी दुकानों में भी भर गया। ऑफिस के दोनों तरफ की खाली भूमि और तालाब बन गई। सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय और बरामदे में जल भराव हो गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी तथा अन्य स्टाफ अवकाश होने पर किसी तरह निकल कर घर गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे कर्मचारी नेता डीएस दीक्षित, सहायक गिर्राज किशोर यादव एवं शिव कुमार रिकार्ड की हिफाजत में संलग्न थे।
रोडवेज डिपो और बस स्टैंड पर हुआ जलभराव
रोडवेज के डिपो, नए और पुराने बस स्टैंड में जलभराव हो गया। नए बस स्टैंड के पास स्थित रेलवे पुल के नीचे जल भराव होने के चलते आम रास्ते का पानी भी डिपो में आ पहुंचा। डिपो के स्टेशन अधीक्षक कांता प्रसाद शर्मा ने बताया कि वर्कशॉप का फर्स उठवाने और नाली ऊंची करने का विशेष लाभ नहीं हुआ। तेज बारिश का पानी शुक्रवार को स्टेशन इंचार्ज, चेकिंग इंचाई, रेस्ट रूम, वरिष्ठ लेखाधिकारी कार्यालय आदि में भर गया। दूसरी तरफ नए और पुराने बस स्टैंडों पर भी पानी भर गया।