1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लंबे अंतराल के बाद जिले में झमाझम बरसे मेघा

लंबे अंतराल के बाद जिले में झमाझम बरसे मेघा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
लंबे अंतराल के बाद जिले में झमाझम बरसे मेघा

शुक्रवार को पूरे जिले में एक साथ झमाझम बारिश हुई तो जनपद के लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लंबे अंतराल के बाद हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई। उधर खेतों में सूख रही धान, बाजरा, मक्का, मूंगफली की फसलों को पानी मिल गया। वहीं बारिश से निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशान का सामना करना पड़ा।

जनपद के लोग उमस भरी गर्मी और अपेक्षित बारिश न होने से बेहद चिंतित थे। पानी बरसने की दुआएं मांगी जा रही थी लेकिन आसमान में बादल तो आ-जा रहे थे लेकिन बरस नहीं रहे थे। शुक्रवार को भी दिन की शुरुआत बीते दिनों जैसी हुई। सुबह से लेकर अपराह्न 3 बजे तक कड़ाके की धूप रही। शाम चार बजे के बाद अचानक मौसम बदला और बादल छाने लगे। शाम 5 बजे से पूरे जनपद में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। लगभग 40 मिनट तक हुई तेज बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। मौसम सुहाना हो गया। किसान वीर बहादुर, बालजीत, राजकिशोर का कहना है कि धान की फसल पानी के अभाव में सूख रही थी। इस बारिश से अगले आठ दिनों के लिए धान की फसल को पर्याप्त पानी मिल गया है। किसानों का मानना है कि इस तरह की बारिश चार-पांच दिनों के अंतराल पर होती रहे तो पानी का संकट दूर होगा। फसलों की सिंचाई समय से होगी और भूगर्भीय जलस्तर ऊपर आने में मदद मिलेगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...