देवरिया : जिला कारागार में बंद 10 शातिर बदमाशों को दूसरे जेल भेजने की अनुमति शासन ने दे दी है। आने वाले कुछ दिनों में इन बदमाशों को प्रदेश की अलग-अलग जेलों में भेजा जाएगा। इसमें जिले का शातिर बदमाश हरबंश यादव भी शामिल है।
जिला कारागार में बंद 10 बदमाश अपनी मनमानी करना चाह रहे हैं। वह जिला कारागार में बंद बंदियों के बीच गुटबंदी कर जेल प्रशासन पर दबाव बनाना चाहते हैं। वह जेल में बंदियों से भी भिड़ जाते हैं। जिससे जेल के अंदर की सुरक्षा व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। जेल अधीक्षक ने जेल में बंद ऐसे 10 अपराधियों की सूची तैयार कर दूसरी जेलों में शिफ्ट करने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा था। अब शासन ने सभी बंदियों को दूसरे जेल भेजने की अनुमति दी है। साथ ही बदमाशों पर दर्ज मुकदमा और अन्य पत्रावलियां डीएम को उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। इस सूची में धनन्जय उर्फ बब्बल पुत्र राजेन्द्र, सद्दाम पुत्र असलम, बृजेश यादव पु़त्र रामनीगना, आलम पुत्र अकरम, अमरेश यादव पुत्र सीताराम यादव, राजू तिवारी पुत्र लालजीत उर्फ विद्या तिवारी, नितिश सिंह पुत्र धर्मेन्द्र सिंह, विवेक सिंह पुत्र अशोक सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, शाका पाण्डेय उर्फ बीरु पुत्र दीनानाथ एवं हरिवंश यादव पुत्र गोरख यादव शामिल है।