नगर पालिका के कर निर्धारण अधिकारी अतुल यादव की इकलौती बेटी शिल्पी यादव ने पहले प्रयास में पीसीएस 2018 की परीक्षा उत्तीर्ण की। शिल्पी को कर्मिशल टैक्स अधिकारी का पद मिला है। बेटी की सफलता से परिवार के सभी सदस्य खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। सुल्तानपुर जिले के मूल निवासी अतुल यादव वर्तमान में वाराणसी के गौतम गार्डेन कॉलोनी शिवपुर में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। अतुल यादव नगर पालिका पीडीडीयू नगर में कर निर्धारण अधिकारी है। उनकी बेटी शिल्पी यादव ने पहले प्रयास में पीसीएस 2018 की परीक्षा पास की। शिल्पी ने बाल विद्यालय माध्यमिक प्रह्लादघाट से हाईस्कूल और सेंट अतुलानंद कान्वेंट स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वहीं 2015 में बीएचयू से भूगोल से स्नातक की डिग्री हासिल की। शिल्पी यादव ने कुछ दिनों तक दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने दो बार लोक सेवा आयोग की लिखित परीक्षा दी। वहीं पहली बार 2018 में पीसीएस परीक्षा देकर सफलता हासिल की। शिल्पी यादव ने बताया कि माता-पिता ने कभी भी बेटी होने से पढ़ाई के लिए नहीं रोका। हरसंभव मदद और उत्साह बढ़ाने को तैयार रहे। परिवार में पिता अतुल यादव के अलावा मां आशा यादव और भाई रामेंद्र व अलख भी शिल्पी की सफलता से गौरवांवित हैं।