बुलंदशहर: कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मंगलवार को जिले के चार सेंटरों पर सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विभिन्न विषयों की कंपार्टमेंट शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा में कुल 962 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें इंटरमीडिएट के 34 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के सभी इंतजाम रहे।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम तीन माह पूर्व घोषित कर दिये थे। सीबीएसई ने दोनों कक्षाओं के परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंट परीक्षा देने का विकल्प दिया। जिले की बात करें तो यहां इंटरमीडिएट में 911 और हाईस्कूल में 51 परीक्षार्थियों ने कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन किया था।
इसके लिए जिले में बुलंदशहर, सिकंदराबाद और खुर्जा के पांच केन्द्रों को परीक्षा के लिए चिन्हित किया गया। मंगलवार को नगर के डीपीएस, सिकंदराबाद के डिवाइन पब्लिक स्कूल, सेंट विवेकानंद एजुकेशनल, आरके एजुकेशनल और खुर्जा के महाराजा अग्रसैन स्कूल में परीक्षा आयोजित की गई।
जिसमें इंटरमीडिएट में 34 अनुपस्थित रहे और 877 ने परीक्षा दी। जबकि हाईस्कूल में सभी परीक्षार्थी उपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 10:30 से लेकर 1:30 बजे तक आयोजित हुई। प्रवेश के दौरान बच्चों के हाथों को सैनिटाइज, चेहरे पर मास्क और स्क्रेनिग के बाद ही प्रवेश दिया गया।
सभी परीक्षा केंद्रों पर शारीरिक दूरी का ध्यान रखा गया। परीक्षार्थियों के हाथों को गेट पर ही सैनिटाइज कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के सभी इंतजाम रखे गए। परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं को बोर्ड भेजा जा रहा है।