अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार की शाम क्राइम ब्रांच व ऊंज पुलिस ने एक पांच हजार इनामिया अपराधी को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली है। गिरफ्तार हुए बदमाश के पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के हत्थे चढ़ा सचिन सिंह निवासी केवई बुजुर्ग थाना हंडिया जिला प्रयागराज निवासी है।
सीओ ज्ञानपुर भूषण वर्मा ने ऊंज थाने में पत्रकार वार्ता कर मामले का खुलासा किया। इस दौरान सीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह के निर्देश पर अपराध नियंत्रण को अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच व ऊंज पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की शाम करीब चार बजे थाना क्षेत्र के नैपुरवा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार हुए अभियुक्त ने बताया कि हम लोग एक गैंग बनाकर चोरी-छिनैती की घटना को अंजाम देते हैं। हम साथियों संग मिलेकर बस स्टैंड, अस्पताल, रेलवे स्टेशन व बड़े-बड़े निजी संस्थानों एवं सुनसान इलाकों में चोरी व लूट की घटना को अंजाम देते हैं। पांच अगस्त को जिले के रोही में अपने सहयोगियों से मिलकर स्वर्ण व्यवसायी को लूट लिया था। इसी तरह बिहरोजपुर व जोगिनका मोड़ पर भी लूट की घटना को अंजाम दे चुके हैं। इसके अलावां जौनपुर, प्रयागराज व वाराणसी जिले में भी हम लोग चोरी व लूट कर चुके हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी विनोद दूबे, अजय सिंह प्रभारी सर्विलांस, सचिन झा, सर्वेश राय, नरेंद्र सिंह, तुफल अहमद, दीपक यादव, नीरज यादव, सुनील कन्नौजिया, ऊंज थानाध्यक्ष रामदरस, रंजीत सिंह, सुनील आदि मौजूद थे। वहीं, एसपी रामबदन सिंह ने टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।