1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पुल पर रेलवे के साथ सेतु निगम करेगा कदमताल

पुल पर रेलवे के साथ सेतु निगम करेगा कदमताल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
पुल पर रेलवे के साथ सेतु निगम करेगा कदमताल

आईवीआरआई ओवरब्रिज परियोजना में रेलवे के साथ-साथ सेतु निगम भी लेटलतीफी कर रहा है। ट्रैक के ऊपर पुल बनने के इंतजार में सेतु निगम के अधिकारियों ने करीब दस महीने से परियोजना पर ध्यान नहीं दिया। पुल पर सड़क की जगह घास उग आई है। रेलिंग भी बदहाल हो रही है। प्रभारी डीएम ने सेतु निगम अफसरों को रेलवे के साथ अपने हिस्से का काम पूरा करने निर्देश दिए हैं, जिससे हर हाल में अक्टूबर में पुल शुरू हो सके।

सेतु निगम ने अपने हिस्से का पुल बना दिया है। रेलवे को ट्रैक के ऊपर ब्रिज तैयार करना है। रेलवे धीमी रफ्तार से पुल का निर्माण कर रहा है। रेलवे के हिस्से का पुल बनने के बाद सेतु निगम अपने हिस्से का काम पूरा करने की बात कह रहा है। करीब दस महीने से पुल बदहाल है। जहां रोड बननी थी वहां बड़ी-बड़ी घास उग आई है। रेलिंग देखरेख न होने से खराब होने लगी है। सेतु निगम ने फिनिसिंग का काम अभी शुरू नहीं किया है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। सेतु निगम के अधिकारियों को अपने हिस्से के रुके काम को बगैर इंतजार के पूरा करने को कहा है। पुल के एक हिस्से पर सड़क बनाने को कहा है। रेलिंग को दुरुस्त करने और ब्रिज पर लाइटिंग की तैयारी शुरू कराने को कहा है, जिससे रेलवे के काम के साथ ही प्रोजेक्ट पूरा हो सके।

रेलवे की लेटलतीफी का मामला शासन तक जाएगा : आईवीआरआई ओवरब्रिज में रेलवे की लेटलतीफी का मामला शासन तक जाएगा। बार-बार कहने के बाद भी रेलवे निर्माण में तेजी नहीं दिखा रहा। लेबर की संख्या भी नहीं बढ़ाई गई है। प्रशासन हीलाहवाली करने वाले रेलवे के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखने की तैयारी कर रहा है।

आईवीआरआई ओवरब्रिज को पूरा करने का टारगेट तय कर दिया है। रेलवे के हिस्से के काम पूरा होने का इंतजार किए बगैर पुल के छोटे-छोटे कार्यों को पूरा कराएगा। पुल के ऊपर जहां तक रोड बन सकती है उसका निर्माण कराया जाएगा। ताकि प्रोजेक्ट तय समय के अंदर ही पूरा हो सके।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...