1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. समझौते के बाद पुलिस ने वकील के घर उड़ाई दावत, फोटो वायरल

समझौते के बाद पुलिस ने वकील के घर उड़ाई दावत, फोटो वायरल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
समझौते के बाद पुलिस ने वकील के घर उड़ाई दावत, फोटो वायरल

मुकदमे में छेड़छाड़ के एक आरोपी के घर पुलिस दावत उड़ाने पहुंच गई। गुरुवार को पुलिस का आरोपी के घर दावत उड़ाता फोटो वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर इस फोटो पर उन अधिवक्तओं ने भी कमेंट किये जो केस दर्ज होने के बाद कोतवाल के खिलाफ लामबंद होकर हड़ताल कर रहे हैं।

पुलिस का आरोपी के साथ उसके घर पर दावत उड़ाते हुए फोटो वायरल होने के बाद वकील सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। बार के पूर्व सचिव अशर्फीलाल गंगवार ने वायरल फोटो पर कमेंट करते हुए लिखा है कि जिसके लिए पूरी बार हड़ताल पर है। वह पुलिस के साथ दावत उड़ा रहे हैं। वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद वकील कोतवाल की कार्य प्रणाली को लेकर खासे गुस्से में हैं। वकील गुरुवार को भी हड़ताल पर रहे।

बता दें कि एक सप्ताह पूर्व मुंशी की पुत्रवधू का अपने ससुराल वालों से विवाद हो गया था। उसकी शिकायत पर पुलिस ने उसके पति को पकड़ लिया। वकील उसे छुड़ाने थाने पहुंचे तो उनकी पुलिस से नोकझोंक हो गई थी। पुलिस ने मुंशी की पुत्रवधू की ओर से तीन अधिवक्ताओं और उसके ससुराल वालों के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर दिया। महिला ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आत्महत्या की कोशिश की थी। बाद में महिला का अपने ससुराल वालों से समझौता हो गया। गुरुवार को इस मामले में पुलिस का एक फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस एक आरोपी के साथ उसके घर दावत उड़ा रही है।

पुलिस ने खुद को घिरता देख मुकदमे में समझौता कराया है। अब पुलिस आरोपी के घर दावत उड़ा रही है। पुलिस के दावत उड़ाते वायरल फोटो को अधिकारियों को भेजकर शिकायत की है। रविवार तक वकील हड़ताल पर हैं। सोमवार को बैठक में आगे की रणनीति तय कर आंदोलन को तेज किया जाएगा।

रवींद्रपाल सिंह, बार अध्यक्ष, नवाबगंज।

इस मामले में महिला और आरोपियों के बीच समझौता हो गया है। महिला समझौते की कॉपी लेकर जा रही थी। इसी पुलिस और महिला को चाय के लिए ऑफर किया गया था। वहां पहुंचने पर चाय की जगह भोजन परोस दिया गया था।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...