लॉक डाउन के कारण 10वीं और 12वीं के आवेदनों की संख्या बेहद कम रही। स्कूलों में अभी मुश्किल से 25-30 फीसदी छात्रों ने ही फार्म भरे हैं। बोर्ड ने छात्रों की परेशानी को देखते हुए परीक्षा फार्म भरने और छात्रों के विवरण वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर तक बढ़ा दी है। लॉकडाउन के कारण इस बार स्कूल खुल नहीं पाए। सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं ही संचालित हो रही हैं।
आर्थिक संकट से जूझ रहे अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश फॉर्म भी नहीं भर पाए हैं। पूरे प्रदेश में पिछले साल के मुकाबले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सिर्फ छह फीसदी फार्म ही भरे गए हैं। बरेली में भी अधिकांश स्कूलों में अभी मुश्किल से 20 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने ही फार्म भरे हैं।अब 10वीं और 12वीं में परीक्षा फार्म भरने और छात्रों का विवरण बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने की तारीख 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले दोनों कक्षाओं में 31 अगस्त तक ही प्रवेश का समय दिया गया था। अब इस तारीख को बढ़ाकर 21 सितंबर कर दिया गया है। डीआईओएस डॉ अमर कांत सिंह ने बताया कि छात्र परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से 22 सितंबर तक जमा कर सकते हैं। पहले इसकी अंतिम तिथि 14 सितंबर थी। 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ यह फीस 28 सितंबर तक जमा हो सकती है।